
एमएलसी चुनाव रिजल्ट पर राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस से कहना चाहूंगा कि जिसकी मति मारी गई हो, उसके लिए आप मतपत्रों से मतदान करा लीजिए…तो भी वो चारों खाने चित नजर आएगा.
एमएलसी चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. बीजेपी के नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारत की चुनावी प्रक्रिया पर झूठ की बात का बतंगड़ नहीं, झूठ की बात का बवंडर खड़ा करने वाले राहुल गांधी के अरमान आज चकनाचूर हो गए हैं. MLC चुनाव में कांग्रेस अभी तक शून्य पर है.
उन्होंने कहा, ”ये बात लगभग स्पष्ट है, जो चुनाव बैलेट से हुए हैं, उन चुनावों में भी कांग्रेस अपने वजूद का एहसास करने में नाकाम रही है. इससे साफ है कि कांग्रेस जनता का समर्थन प्राप्त करने की क्षमता नहीं रखती है, चाहे EVM से हो या बैलेट से. मेहनत करने से जन समर्थन मिलता है सैर सपाटा करने से नहीं.”
न जनता आपके साथ है और न विधायक- बीजेपी
राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ”कांग्रेस से कहना चाहूंगा कि जिसकी मति मारी गई हो, उसके लिए आप मतपत्रों से मतदान करा लीजिए…तो भी वो चारों खाने चित नजर आएगा. कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि जनता आपके साथ नहीं है, न विधायक आपके साथ है. आप जो भी करने का प्रयास कर रहे हैं, हकीकत है कि आप नाकाम सिद्ध हो गए.”
उन्होंने कहा, ”मेहनत करने से जन समर्थन मिलता है. नितिन नवीन यूपी जा रहे हैं, अमित शाह पंजाब जा रहे हैं, और राहुल गांधी वियतनाम जा रहे हैं. और सोचते हैं कि उन्हें जनसमर्थन मिलेगा. मैं कांग्रेस से कहूंगा कि काम चोरी की आदत छोड़िए, वोट चोरी का नारा खुद छूट जाएगा.”
बिहार, यूपी, महाराष्ट्र और कर्नाटक क 28 विधानपरिषद चुनावों में कांग्रेस 12 सीटों पर चुनाव लड़ी थी. यूपी की 11 सीटों में से कहीं चुनाव नहीं लड़ी. वहीं कर्नाकट में 4 पर लड़ी और सभी सीटों पर हार मिली. यहां कांग्रेस सत्ता में है. महाराष्ट्र में 3 पर लड़ी और सभी सीटों पर हार मिली है. वहीं बिहार में 5 पर लड़ी, सभी हार मिली.



