हरियाणा में फिर बदलेगा मौसम, 28-29 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट जारी

इस महीने के आखिरी दो दिनों में मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि 28-29 अक्टूबर को हरियाणा के 14 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसको लेकर मौसम विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

हरियाणा में इस महीने के अंत में फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इसका कारण बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का प्रभाव है, जिसके चलते हरियाणा के 14 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

हरियाणा में बीते दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के साथ-साथ उत्तरी हवाओं के चलने से कई जिलों में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। इसका एक मुख्य कारण पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी भी है, जिसकी वजह से मैदानी क्षेत्रों में तापमान तेजी से गिर रहा है। वहीं 28 और 29 अक्टूबर को हिसार, भिवानी, दादरी, झज्जर, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नारनौल, रेवाड़ी, पलवल और रोहतक में हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

28 से 32 डिग्री के बीच दर्ज किया गया अधिकतम तापमान

हरियाणा में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। हिसार में रात का तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सोनीपत में 13 डिग्री, करनाल में 14.1 डिग्री, सिरसा में 14.4 डिग्री और रेवाड़ी में 14.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।

पिछले साल की तुलना में इस साल प्रदूषण का स्तर काफी कम

राज्य के अन्य शहरों का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) इस प्रकार रहा: पानीपत (167), बहादुरगढ़ (162), सोनीपत (128), कैथल (123), फरीदाबाद (117), हिसार (101), फतेहाबाद (78), पलवल (73), जींद (70), करनाल (55), रोहतक (56), भिवानी (93) और थानेसर (94)। वहीं बीते वर्ष 2025 की तुलना में इस बार 26 अक्टूबर 2026 को प्रदूषण का स्तर काफी कम दर्ज किया गया है।

Related Articles

Back to top button