
दिवाली और छठ महापर्व पर यात्रियों की भारी भीड़ को कंट्रोल करने के लिए रेलवे ने कई बदलाव किए हैं। दिल्ली के 6 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 3 नवंबर से 14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट नहीं मिलेंगे। साथ ही, नई दिल्ली स्टेशन पर परमानेंट (स्थायी) होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है।
त्योहारी सीजन को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली भीड़ और भगदड़ जैसी घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे ने कई कदम उठाए हैं। इसके तहत दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर कुछ समय के लिए रोक लगा दी गई है।
दिल्ली के इन 6 स्टेशनों पर नहीं मिलेंगे प्लेटफॉर्म टिकट
इनमें शामिल हैं:
- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन
- पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन
- हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन
- गाजियाबाद रेलवे स्टेशन
- आनंद विहार टर्मिनल
- आनंद विहार हॉल्ट
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बना है स्थायी ‘होल्डिंग एरिया‘
- अजमेरी गेट की तरफ बना होल्डिंग एरिया: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर-16 के बाहर अजमेरी गेट की तरफ एक स्थायी यात्री होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है।
- अस्थायी टेंट की छुट्टी: उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, पहले त्योहारों के वक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अस्थायी टेंट लगाए जाते थे, लेकिन इस बार यात्रियों की बेहतर व्यवस्था के लिए स्थायी ढांचा तैयार किया गया है।
- फायदा: इसका मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सीधे प्लेटफॉर्म पर जाने से रोकना और उन्हें ट्रेन के समय से पहले एक व्यवस्थित क्षेत्र में बैठाना है, ताकि स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी न मचे।
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
त्योहारों के इस सीजन में घर जाने वाले यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा देखा जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें, स्टेशनों पर समय से पहले पहुंचें और किसी भी असुविधा से बचने के लिए रेलवे के आधिकारिक दिशा-निर्देशों का ध्यान रखें।



