
देश में विमानों से पक्षी टकराने (Bird Strike) की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) की फ्लाइट से जुड़ा है। विशाखापत्तनम से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान से उड़ान के दौरान पक्षी टकरा गया। गनीमत यह रही कि पायलट की सूझबूझ और तकनीकी दक्षता के चलते विमान ने केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (KIA) पर सुरक्षित लैंडिंग कर ली।
फ्लाइट IX2065 में सवार थे 148 यात्री
मिली जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX2065 ने 19 अक्टूबर को विशाखापत्तनम से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी थी। रास्ते में विमान से एक पक्षी टकरा (Bird Hit) गया।
इस फ्लाइट में क्रू मेंबर समेत कुल 148 यात्री सवार थे। घटना के बाद विमान के भीतर कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया, लेकिन पायलट ने स्थिति को संभालते हुए बेंगलुरु एयरपोर्ट पर विमान को सुरक्षित उतार लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को कोई चोट नहीं आई है।
लैंडिंग के बाद तकनीकी जांच शुरू
केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग के तुरंत बाद विमान को मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं (Standard Safety Protocols) के तहत सुरक्षित पार्किंग स्टैंड पर ले जाया गया।
इसके बाद एयरलाइन की इंजीनियरिंग और तकनीकी टीम ने विमान की बारीकी से जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पक्षी के टकराने से विमान के इंजन या उसके अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों को कोई नुकसान तो नहीं पहुंचा है।



