
पंजाब की भगवंत मान सरकार ने राज्य के प्रतियोगी छात्रों को एक बड़ी सौगात दी है। मान सरकार ने यूपीएससी (UPSC) और पंजाब सिविल सेवा (PCS) जैसी कठिन परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 1000 मेधावी छात्रों को मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग देने की घोषणा की है। यह पहल राज्य में चल रही ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ अभियान के तहत शुरू की जा रही है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के प्रतिभाशाली युवाओं को आर्थिक तंगी से निजात दिलाना और उन्हें प्रशासनिक सेवाओं में जाने के सपने को साकार करने में मदद करना है।
जानिए किसे मिलेगा योजना का लाभ?
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के नेतृत्व में लागू की जा रही इस योजना में सरकारी कॉलेज के विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी गई है:
- कुल सीटें: 1000
- सरकारी कॉलेज के छात्रों के लिए: 750 सीटें
- प्राइवेट कॉलेज के छात्रों के लिए: 250 सीटें
“पैसों की कमी से नहीं रुकेगा किसी का सपना” — सीएम मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस महत्वपूर्ण पहल का ऐलान करते हुए कहा, “पंजाब का कोई भी युवा पैसों के अभाव या दूर-दराज के इलाकों में रहने के कारण सिविल सेवा में जाने के अपने सपने से वंचित नहीं होना चाहिए। हमारी सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।”
सरकार के इस कदम से राज्य के उन सैकड़ों युवाओं को सीधा फायदा मिलेगा जो भारी-भरकम फीस और महंगे कोचिंग संस्थानों के कारण सिविल सेवा की तैयारी नहीं कर पाते थे।



