बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने गोरखपुर में राहुल गांधी पर साधा निशाना

गोरखपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा’ से पहले जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोला। राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे जितनी झूठ की खेती कर ले, लेकिन देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुस्तैदी से खड़ी है।

“राहुल गांधी के झूठ से जनता भरमाने वाली नहीं”

एमपी इंटर कॉलेज के मैदान पर विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा:

“राहुल गांधी चाहे जितनी झूठ की खेती कर लें और जनता को भरमाने का प्रयास कर लें, लेकिन यह नया भारत है। देश के 140 करोड़ देशवासी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना प्रधान सेवक भी मानते हैं और देश का सच्चा चौकीदार भी।”

कांग्रेस पर तीखा तंज कसते हुए उन्होंने आगे कहा, “राहुल गांधी उन्हें ही मुबारक हों। यदि वे इसी तरह पार्टी का नेतृत्व करते रहे, तो आने वाले समय में कांग्रेस का नाम लेने वाला भी कोई नहीं बचेगा।”

एसआईआर और विपक्ष के आरोपों का दिया करारा जवाब

विपक्ष द्वारा हार का ठीकरा चुनाव प्रणालियों पर फोड़ने को लेकर बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष अपनी असफलताओं को छिपाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा, “वे कहते हैं कि एसआईआर (SIR) की वजह से चुनाव हार रहे हैं। कोई उन्हें बताए कि यदि इन लोगों ने जमीन पर जनता के लिए काम किया होता, तो आज यह दिन नहीं देखना पड़ता।”

उन्होंने दिल्ली के रामलीला मैदान का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष अपनी पूरी ताकत लगाने के बावजूद 10 प्रतिशत भीड़ भी नहीं जुटा पाया। वहीं, बीजेपी और एनडीए (NDA) के सहयोगी दल मिलकर हर जिले और कस्बे में विशाल रैलियां और पदयात्राएं निकाल रहे हैं, जो एनडीए की असली ताकत को दर्शाता है।

Related Articles

Back to top button