
राणा सांगा की जयंती के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर श्रद्धांजलि अर्पित की है. उन्होंने राणा सांगा को राष्ट्रभक्ति और त्याग का प्रतीक बताया है. आज 12 अप्रैल 2025 को राणा सांगा की जयंती है. पिछले कुछ दिनों से राणा सांगा को लेकर राजनीतिक गलियारे में काफी हलचल का माहौल है. राणा सांगा 16वीं सदी के मेवाड़ के शासक थे. आज उनकी जयंती के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है.
राणा सांगा की जयंती के मौके पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा कि, “धर्मरक्षा हेतु समर्पित रहे परम प्रतापी राणा सांगा जी की जयंती पर उन्हें कोटिशः: नमन, राष्ट्रभक्ति और त्याग की प्रतीक उनकी यशगाथा इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है. उनका शौर्य युगों-युगों तक भारतभूमि को स्वाभिमान से सिंचित करता रहेगा.”
करणी सेना की रक्त स्वाभिमान रैली
वहीं दूसरी तरफ राणा सांगा की जयंती के मौके पर आज आगरा में करणी सेना रक्त स्वाभिमान रैली निकाल रही है. आगरा शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में है. करणी सेना को शहर के बाहर गढ़ी रामी गांव में कुछ शर्तों के साथ रैली निकालने की इजाजत दी गई है.
बता दें कि बीते 26 मार्च को करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के सांसद रामजीलाल सुमन के घर पर जमकर बवाल किया था. घर के बाहर खड़ी कारों और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया था. इसी को ध्यान में रखते हुए आज राणा सांगा की जयंती पर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है. आगरा शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है.
सपा सांसद अपने बयान पर माफी मांगे- करणी सेना
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के सांसद रामजीलाल सुमन के द्वारा राणा सांगा पर दिए गए विवादित बयान के बाद से ही करणी सेना के समर्थक सपा पार्टी और सांसद का जमकर विरोध कर रहे हैं. करणी सेना की मांग है कि सपा सांसद अपने बयान को लेकर माफी मांगे नहीं तो ये विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.
![Photo of ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी से डरने की जरूरत नहीं… आ गई बड़ी खबर, भारत 2038 में ही बन जाएगा बड़ी सुपरपावर]](https://harkhabarnews.com/wp-content/uploads/2025/08/images-32.jpg)


